अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त अरब अमीरात के तेल उत्पादक देशों के संगठन ओपेक से बाहर निकलने के फैसले का स्वागत किया है। ट्रंप ने कहा कि यूएई के इस कदम से वैश्विक तेल और गैस की कीमतें कम होंगी, जो अच्छी बात है। यूएई ने मंगलवार को तेल उत्पादक देशों के संगठन ओपेक से बाहर निकलने का एलान किया था। यूएई के इस फैसले का वैश्विक तेल बाजार पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है।
डोनाल्ड ट्रंप से जब यूएई के फैसले को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि ये अच्छा फैसला है। मैं उन्हें अच्छी तरह जानता हूं, मोहम्मद बेहद चतुर हैं और वे शायद अपनी राह पर चलना चाहते हैं। ये अच्छी बात है क्योंकि इससे वैश्विक तेल और गैस की कीमतें कम होंगी। उनके पास ये सभी चीजें हैं। वे एक अच्छे नेता हैं और मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं हैं। उन्हें ओपेक से कुछ समस्या होगी।’