पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार की देर रात कोलकाता के शेखावत मेमोरियल स्कूल स्थित स्ट्रांग रूम से बाहर निकलीं। ममता बनर्जी ने मतगणना प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की कोशिश के खिलाफ चेतावनी दी। उन्होंने मतगणना में संभावित कदाचार का आरोप लगाया। इसके बाद ममता बनर्जी ने कहा, “अगर ईवीएम और मतगणना लूटने की कोशिश की जाएगी तो हम लड़ेंगे। अगर गड़बड़ी हुई तो हम लड़ेंगे।”
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ने कहा, ”मैं यहां इसलिए आई हूं, क्योंकि यहां ईवीएम के लिए एक स्ट्रांग रूम है। हमें कई जगहों पर गड़बड़ी मिली है, इसलिए जब मैंने इसे टीवी पर देखा, तो मैंने सोचा कि मुझे यहां आना चाहिए। मैं आई, लेकिन केंद्रीय बलों ने मुझे रोक दिया। मैंने कहा कि मुझे जाने का अधिकार है, चुनाव नियमों के अनुसार, उम्मीदवारों को सीलबंद कमरे के बाहर तक जाने की अनुमति है। तब मुझे जाने दिया गया।”
ये भी पढ़ें: ECI: ‘स्ट्रांग रूम पूरी तरह सुरक्षित’, वायरल वीडियो को लेकर उठ रहे सवालों का चुनाव आयोग ने दिया जवाब
ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को दी धमकी
ममता बनर्जी ने भवानीपुर स्ट्रांग रूम के बाहर मीडिया से बातचीत में कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, ”हमारे एजेंट्स का उत्पीड़न किया गया। हमारे कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई और उनके साथ खराब व्यवहार किया गया।” उन्होंने चुनाव आयोग की धमकी देते हुए कहा कि मतगणना करने के लिए ये लोग गुजरात से आए हैं, ये हमारा इलाका है। हम एक इशारे पर 10 हजार लोग यहां खड़ा कर सकते हैं।
गड़बड़ी के आरोपों पर क्या बोला EC?
पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले ईवीएम और मतपत्रों को लेकर उठे विवाद के बीच चुनाव आयोग के अधिकारियों ने टीएमसी की ओर से लगाए गए “बिना किसी संबंधित पार्टी एजेंट्स की मौजूदगी के मतपेटियां खोलने” के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्य स्ट्रांग रूम पूरी तरह से सुरक्षित और बंद हैं, जबकि मतपत्रों का विभाजन स्ट्रांग रूम के गलियारे में किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: स्ट्रांग रूम के बाहर टीएमसी-भाजपा में तकरार: भारी सुरक्षा बल तैनात; ममता भी पहुंचीं, EC बोला- कोई गड़बड़ नहीं
वायरल वीडियो पर भी चुनाव आयोग ने दी प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक वीडियो का हवाला देते हुए चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि खुदीराम अनुशीलन केंद्र के अंदर स्थित सात विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम को कल मतदान संपन्न होने के बाद उम्मीदवारों/चुनाव एजेंटों और सामान्य पर्यवेक्षक की उपस्थिति में विधिवत रूप से बंद और सील कर दिया गया था। अंतिम स्ट्रांग रूम को आज सुबह लगभग 5:15 बजे बंद किया गया था।
संबंधित वीडियो