उत्तर भारत के कई हिस्सों में रविवार को मौसम का मिजाज बदला नजर आया। यूपी, बिहार, हरियाणा और उत्तराखंड समेत देश के कई राज्यों में रविवार सुबह को आंधी तूफान के साथ तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस बीच उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के धनपतगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में तेज आंधी और बारिश के चलते पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
राजस्थान में शनिवार को जयपुर, टोंक और अजमेर में 3 लोगों की आंधी-बारिश से मौत हो गई। पंजाब और हरियाणा के विभिन्न इलाकों में भी तेज आंधी और बारिश हुई। पंजाब की मंडियों में गेहूं भीग गया। उत्तराखंड के देहरादून में सुबह तेज बारिश हुई। अगले दो दिन और भारी बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। इससे दिन में शाम जैसा माहौल हो गया। इधर, देश के कई शहरों में अब भी हीटवेव की स्थिति है। महाराष्ट्र का वर्धा 44.5डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश में सबसे सबसे गर्म रहा। चंद्रपुर में 44.4 डिग्री सेल्सियस पारा रहा। राजस्थान के जैसलमेर में 44.4 डिग्री सेल्सियस और बाड़मेर में 44.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
पंजाब में पेड़ उखड़े, बिजली के खंभे गिरे
पंजाब के मोहाली, रूपनगर, होशियारपुर, फगवाड़ा, अमृतसर और लुधियाना में भी बारिश दर्ज की गई। होशियारपुर के पुरहीरन स्थित इंडस्ट्रियल फोकल प्वाइंट में तेज आंधी के दौरान एक उद्योगपति घायल हो गया। सुबह करीब छह बजे आए तेज झोंकों से छह से सात बिजली के खंभे गिर गए और दो बड़े पेड़ उखड़ गए। स्कूटर से गुजर रहे उद्योगपति पर खंभे और हाईटेंशन तार गिर गए। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार, आंधी के चलते पहले ही बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी।
राजस्थान, पंजाब, दिल्ली व यूपी में आज भी बारिश की संभावना
उत्तर-पश्चिम भारत में भी मौसम सक्रिय रहेगा। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 4 से 7 मई के बीच गरज, बिजली और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 4 और 5 मई को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हवाओं की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजस्थान में 4 और 5 से 7 मई के बीच आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। 4 मई को राज्य में धूल भरी आंधी चलने के साथ तेज हवाएं 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं।
हिमाचल में आंधी-तूफान का अलर्ट
हिमाचल में अगले दो दिनों तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने राज्य के छह जिलों में गरज, बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 4 मई को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में यह स्थिति रह सकती है। वहीं 5 मई को मंडी और शिमला जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने राज्य में 9 तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
असम, मेघालय और अरुणाचल में भारी बारिश के संकेत
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार 4 से 5 मई के बीच पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ व्यापक बारिश की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में 4 से 5 मई के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश हो सकती है।
बिहार, झारखंड और ओडिशा में छह मई से चलेंगी तेज हवाएं
पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहेगा। बिहार, झारखंड और ओडिशा में 6 से 9 मई के बीच गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 6 और 7 मई को इसी तरह का मौसम बना रहेगा। मध्य भारत के राज्यों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, विदर्भ और मप्र में 4 से 5 मई के दौरान तेज हवाओं का असर अधिक रहने की संभावना है। दक्षिण भारत में भी इस सप्ताह मौसम सक्रिय रहेगा। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र और पुडुचेरी में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।
अन्य वीडियो